Home » उत्तर प्रदेश » Muzaffarnagar : आवारा आतंक पर सुप्रीम निर्देश…सिस्टम अभी जागा नहीं

Muzaffarnagar : आवारा आतंक पर सुप्रीम निर्देश…सिस्टम अभी जागा नहीं

» आवारा आतंक से निजात दिलाने के लिए गंभीर नहीं निकाय प्रशासन

» मुजफ्फरनगर में 10 नगर निकायों में केवल एक में अस्थायी समाधान

मुजफ्फरनगर 〈लोकसंवाद लाइव〉 :

“ सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों और उनसे लोगों की सुरक्षा के सवाल पर 11 अगस्त, 2025 को स्वतः संज्ञान लेने के बाद निर्देश दिए। बाद में 22 अगस्त, 2025 को पहले के अपने आदेश में संशोधन करते हुए कुत्तों के पकड़ने, बधियाकरण, टीकाकरण और उन्हें उसी क्षेत्र में छोड़ने की व्यवस्था के निर्देश सुनाए। सात नवंबर, 2025 को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को संस्थागत परिसरों में कुत्तों से सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। अंतिम बार 19 मई, 2026 को सार्वजनिक सुरक्षा और कुत्तों के प्रबंधन की जवाबदेही तय करने पर निर्देश दिए। ”
  • यूं बनी है समस्या

आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। नागरिक इससे परेशान हैं। ऐसी कोई गली या मुहल्ला नहीं, जहां आवारा कुत्तों का आतंक न हो। सुप्रीम कोर्ट ने कई बार आदेश सुनाए हैं, लेकिन सरकारी मशीनरी अभी जाग नहीं सकी है। मुजफ्फरनगर जिले में भी आवारा कुत्तों की समस्या सुलझाने की निकायों से लेकर प्रशासन के पास मजबूत योजना तक नहीं है। यदि नगर निकाय भी नागरिकों को समस्याओं से छुटकारा दिलाने के अपने फर्ज को समझे और आवारा कुत्तों का कुछ समाधान कराए, तो स्थिति ठीक हो सकती है। यहां पर फाइलो को भी कोढ़ लग चुका है।

सुप्रीम कोर्ट ने कई बार शहरी क्षेत्रों में आवारा आतंक को नियंत्रण करने का अादेश सुनाया है। वाबजूद इसके नगर निकायों ने इस मामले में दिलचस्पी नहीं दिखाई है। जनपद में मुजफ्फरनगर पालिका ने बधियाकरण का अस्थायी प्रबंध किया है, लेकिन खतौली पालिका समेत आठ नगर पंचायतों में आवारा कुत्तों से लोगों को राहत दिलाने की कोई योजना तक नहीं है। सीएचसी और पीएचसी पर कुत्तों के हमले से घायलों के आंकड़े लापरवाही की गवाही दे रहे हैं। अौसत एक माह में जिलेभर में आवारा कुत्तों के हमले से पांच हजार लोग जख्मी हो रहे हैं।

नगर पालिका परिषद मुफ्फरनगर ने एक माह पहले आवारा कुत्तों का बधियाकरण करने के लिए प्राइवेट संस्था को ठेका दिया है। पहले चरण में लगभग एक हजार कुत्तों का बधियाकरण कराया जा रहा है। उसके बाद इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। शहर में प्राइवेट संस्था ने काम आरंभ कर दिया है, जिसके चलते लगभग 500 कुत्तों का बधियाकरण करने के बाद उन्हें पुन: आबादी क्षेत्र में छोड़ा गया है। इसके लिए संस्था के कर्मचारी शहरभर में अभियान चलाकर कार्रवाई में लगे हैं। शहर को छोड़ दें तो जनपद में खतौली पालिका और उसके अलावा शाहपुर, चरथावल, बुढ़ाना, जानसठ, मीरापुर, पुरकाजी एवं सिसौली, भोकरहेड़ी नगर पंचायत है। सभी निकाय घनी आबादी वाले क्षेत्र हैं। दिन ढलने के बाद आवारा कुत्ते ज्यादा खूंखार हो रहे हैं। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, स्कूटी सवार युवतियों, साइकिल एवं बाइक सवार लोगों, वृद्धों पर हमला करते हैं।

कान पर लगाया जा रहा मार्क

नगर पालिका मुजफ्फरनगर बधियाकरण करा रही है। इसके लिए कूकड़ा क्षेत्र में डाग शेल्टर होम बनाया गया है। जिसमें आवारा कुत्तों को पकड़ने के बाद उनका बधियाकरण और टीकाकरण कराया जा रहा है।बधियाकरण की पहचान के लिए कुत्तों के कान पर वैक्सीनेशन का मार्क बनाया जा रहा है। हालांकि यहां पर चिप का प्रयोग नहीं हो रहा है। पालिका ने लक्ष्य दिसंबर तक एक हजार आवारा कुत्तों के बधियाकरण का रखा है।

सीएचसी बुढ़ाना:

  • माह : घायल
  • अक्टूबर: 589
  • नवंबर: 229

सीएचसीखतौली:

  • अक्टूबर: 308
  • नंवबर: 90

सीएचसीजानसठ:

  • अक्टूबर : 337
  • नवंबर : 136

सीएचसी चरथावल:

  • अक्टूबर : 445
  • नवंबर : 125

पुरकाजी पीएचसी

  • अक्टूबर : 162
  • नवंबर : 55

वैक्सीनेशन से मिलेगी थोड़ी राहत

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी जितेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि आवारा कुत्ता, पालतू कुत्तों को लिक्विड वैक्सीन लगाई जाती है। जिसका प्रभाव एक साल रहता है। कुत्तों की त्वाचा, खाल और मांस में एक एमएल से लेकर 2.5 एमएल वैक्सीन लगती है। इससे कुत्तों में काटने की प्रवृत्ति कम होती है। एक वर्ष के बाद बूस्टर डोज लगाई जाती है।

किया जा बधियाकरण

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अन्नू चौधरी ने बताया कि अस्थायी डाग शेल्टर होम बनाने के साथ आवारा कुत्तों का टीकाकरण व बधियाकरण शुरू कराया गया है। अभी तक प्राइवेट संस्था 500 से अधिक अावारा कुत्तों को पकड़कर बधियाकरण कर चुकी है। कुत्तों के कान पर वैक्सीनेशन का मार्क लगाया जा रहा है।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?