मुजफ्फरनगर: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ ने अब अपनी मांगों को लेकर लखनऊ कूच करने की तैयारी की है। पिछले तीन दिन से संविदा वर्ग के कर्मचारी धरनारत हैं। इससे जनपद में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही है। शनिवार को धरने में आह्वान किया गया कि 12 अक्टूबर को सभी संविदाकर्मियों को लखनऊ एकत्र होना है।

शनिवार को लिपिक संवर्ग एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पाकेश कुमार स्टेनो ने कहा कि संविदा कर्मी भी अपनी योग्यता पर नौकरी कर रहा है तो उनके साथ वेतन का भेदभाव खत्म होना चाहिए। डाक्टर विकास तोमर ने कहा कि संविदाकर्मी को अपने अधिकारों को मांगना पड़ रहा है। संविदाकर्मी स्थायी कर्मचारी से अधिक समय तक कार्य करता है। एनएचएम कर्मचारियों से आह्वान किया कि 12 अक्टूबर को लखनऊ में होने वाले धरना प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचना है।
——-
कुछ संभल रही तो कुछ बिगड़ हरी
संविदा कर्मियों की हड़ताल के कारण जिला अस्पताल समेत सामुदायिक स्वास्थ्य एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यवस्था गड़बड़ा रही है। जिला अस्पताल में ओपीडी-एक में वरिष्ठ फिजिशियन डा. योगेंद्र त्रिखा, डा. जावेद और डा. शैलेश कुमार, डा. उबैद सिद्दीकी की ड्यूटी लगाकर काम कराया गया। वहीं आइसीयू से भी चिकित्सक और स्टाफ की अस्पताल में ड्यूटी पर लगाकर रोगियों को उपचार दिलया गया। इसी तरह से जिला महिला अस्पताल में कार्य किया गया।
—–

आयुष विंग पर पड़ा ताला
जिला अस्पताल की आयुष विंग में समस्त स्टाफ संविदा वर्ग से तैनात है। गुरुवार से इस विभाग पर ताला पड़ा है। यहां आने वाले रोगी बिना दवा और उपचार के लौट रहे हैं। यही हाल क्षय रोग विभाग का बना है। यहां आने वाले रोगियों को सोमवार में उपचार कराने का समय दिया जा रहा है। टीबी रोगियों को भी दवा मिलना मुश्किल हो रहा है।
——







Users Today : 0