Home » मुजफ्फरनगर » Muzaffarnagar: हत्या में पिता-पुत्र, दो सगे भाइयों समेत पांच दोषियाें को उम्रकैद

Muzaffarnagar: हत्या में पिता-पुत्र, दो सगे भाइयों समेत पांच दोषियाें को उम्रकैद

चकरोड़ की भूमि के लिए बहाया गया था वर्चस्व को लेकर खून

पिता के सामने मारी थी बेटे गोली, भतीजा भी हुआ था घायल

» कोर्ट ने लिखा…

“ कोर्ट ने सुनवाई के दौरान अभियोजन द्वारा रखे गए तर्कों को सुना। कोर्ट ने हत्याकांड को दुर्लभ से दुर्लभतम श्रेणी में नहीं माना है। हालांकि अभियोजन के तर्काें पर विचार करें तो दोषियों द्वारा नवयुवक की हत्या उसके पिता के सामने की गई है। निश्चित रूप से किसी भी पिता के लिए इस प्रकार से अपने जवान पुत्र की हत्या अपनी आंखों के सामने होते हुए देखना एक दर्दनाक अनुभव रहा होगा, जिससे शायद वह अपने शेष जीवन में भी न ऊभर सके। इस मामले के सजा को बढ़ाने वाले व सजा को कम करने वाले कारक को तुलनात्मक रूप से देखें, तो दोषियों द्वारा किया गया कृत्य दुर्लभतम से दुर्लभ की श्रेणी में नहीं आता है। इस मामले में सभी तथ्य एवं परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए आजीवन कारावास सुनाया गया”

मुजफ्फरनगर 〈लोकसंवाद लाइव 〉:

चकरोड़ की रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई में युवक की हत्या करने के पूर्व भाकियू नेता पिता-पुत्र, दो सगे भाइयों समेत पांच दोषियों को कोर्ट ने आजीवन कारावास सुनाया है। इसमें पिता-पुत्र के विरुद्ध हत्या के अलावा आर्म्स एक्ट में भी मुकदमा चला है। दोनों के विरुद्ध दो आरोप-पत्र दाखिल किए गए थे। सभी के विरुद्ध 3.95 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता अरूण शर्मा ने बताया कि मंसूरपुर के गांव पुरबालियान में कंवरपाल और धर्मेंद्र उर्फ धनसेठ पक्ष के बीच आपसी वर्चस्व और रंजिश में विवाद बना था। धनसेठ पक्ष को एक महिला द्वारा शिकायत किए जाने का संदेह कंवरपाल पक्ष के चंदर पर था। आरोप था कि 28 अक्टूबर 2020 को कंवरपाल अपने बेटे विपिन के साथ घर के बाहर चौक पर बैठा हुआ था। तभी भाकियू नेता धर्मेंद्र उर्फ धनसेठ और उसका पुत्र राजा, नितिन उर्फ अवि, पविंद्र व रविंद्र उर्फ लंबरदार हाथों में हथियार लेकर पहुंचे। पांचों दोषियों ने गाली-गलौज करते हुए गोलियां चली दी। जिसमें विपिन की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विपिन का चचेरा भाई अंकित धारदार हथियारों के हमले से घायल हो गया। मंसूरपुर थाने में पांच नामजद के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने दोषियों की निशानदेही एवं कब्जे से धारदार हथियार और तमंचे बरामद हुए थे। जांच के बाद पुलिस ने 14 दिसंबर 2020 को न्यायालय में आरोप-पत्र दाखिल किए थे। शनिवार को सुनवाई के बाद अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट-प्रथम की न्यायाधीश गरिमा सिंह ने पांचों दोषियों को आजीवन कारावास के साथ धर्मेंद्र व उसके पुत्र राजा पर 85-85 तथा दो सगे भाई पविंद्र और रविंद्र उर्फ लंबरदार के अलावा नितिन उर्फ अवि पर 75-75 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

 

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?