Home » क्राइम » Muzaffarnagar: दवा की आड़ में बिकता मिला नशा, उत्तराखंड तक मिला जुड़ाव

Muzaffarnagar: दवा की आड़ में बिकता मिला नशा, उत्तराखंड तक मिला जुड़ाव

Syringe, blisters with colorful pills and capsules. Medical equipment.

विभाग करता रहा जांच और संचालक बेचता रहा नशे के कैप्सूल

हरियाणा के जकाधरी की अंजनी एजेंसी से खरीदकर हुई सप्लाई

मुजफ्फरनगर 〈लोकसंवाद लाइव〉 :

जनपद में नशे के सौदागरों पर पुलिस ने शिकंजा जरूर कसा है, लेकिन ड्रग्स विभाग की कार्रवाई सवालों में घिरी है। ड्रग विभाग की आंखों में धूल झोंककर दो मेडिकल एजेंसी बड़े पैमाने पर नशे का सामान बेचती रही। ऐसा नहीं है कि विभाग को इसकी भनक नहीं थी। एक साल पहले जांच भी हुई, नतीजा सिफर रहा। उत्तराखंड में नशे के सौदागर पकड़े गए तो छानबीन तेज हुई। जांच में भेद खुला की छह माह के अंदर उर्वशी मेडिकोज नाम एजेंसी एक करोड़ रुपये से अधिक के नशे के कैप्सूल, गोलियों को हरियाणा के जकाधरी से खरीद बेच चुकी है। इसी तरह से मीरापुर की प्रधान मेडिकल एजेंसी पर अवैध कारोबार मिला है। विभाग ने दोनों का लाइसेंस निरस्त किया है।
दरअसल, जुलाई 2026 में देहरादून के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की जोनल यूनिट ने जुलाई में नशे के कैप्सूल की खैप पकड़ी थी। पकड़े गए सप्लायरों के पास कैप्सूल के प्रमाण और उनका जुड़ाव मुजफ्फरनगर के अंसारी रोड स्थित उर्वशी मेडिकोज एजेंसी से मिला था। 28 जुलाई को जोनल यूनिट ने सहारनपुर के डीएलए नरेश कुमार को पत्र लिखकर फर्म की जांच करने का आग्रह किया था। इस पर औषधि निरीक्षक देशबंधू विमल ने जांच की। जांच में उर्वशी मेडिकोज पर बड़े पैमाने पर नशे के कैप्सूल, दवाओं के बिक्री का रिकार्ड मिला है, लेकिन इनके कहां-कहां सप्लाई किया गया। इसकी जानकारी संचालक नहीं दे सका है। सभी नशीली दवाओं की खैप हरियाणा के जकाधरी स्थित सरस्वती कालोनी की अंजनी एजेंसी से हुई है। लगभग आठ से 10 बिल इसी एजेंसी के मिले हैं। जिनके माध्यम से लगभग एक करोड़ रुपये के नशे के कैप्सूल एस्पासमो ब्लू एवं ब्राउन तथा एलप्राजोलाम की गोली मंगवाई गई। जिन्हें उत्तराखंड समेत विभिन्न स्थानों पर सप्लाई किया गया।
जिला औषधि निरीक्षक देशबंधू विमल ने बताया कि देहरादून की नारकोटिक्स जोनल यूनिट ने उर्वशी मेडिकोज से खरीदे गए एलप्राजोलाम के कैप्सूल बरामद किए थे। इसी तरह से मीरापुर के मुहल्ला कमलियान स्थित प्रधान मेडिकल एजेंसी की जांच में सामने आया है। मेडिकल एजेंसी ने थोक लाइसेंस की आड़ में नशे के कैप्सूल, गोलियां बेची हैं। यह फर्म भी पंजीकरण में दिए पते पर संचालित नहीं मिली है। इसके चलते दोनों फर्म के लाइसेंस को निरस्त किया गया है।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?