दोनों के बीच मुलाकात के निकाले जा रहे कई सियासी मायने
अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर मुलाकात की पोस्ट साझा की
मुजफ्फरनगर 〈लोकसंवाद लाइव〉 :
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से उनके लखनऊ स्थित आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। हालांकि भाकियू के प्रवक्ता का कहना है कि किसानों की समस्या को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री से मिले हैं। उनसे किसानों के मुद्दे भी समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में रखने का आग्रह किया है। इस मुलाकात को अखिलेश यादव ने पीडीए में ‘ए’ का मतलब अन्नदाता बताया है।

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से लखनऊ में स्थित उनके आवास पर मुलाकात की है। भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बताया कि वह किसानों की समस्याओं को लेकर अखिलेश यादव से मिले हैं तथा उनसे बातचीत की है। विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के सत्ता में आने पर किसानों के लिए क्या योजना होगी, इस पर दोनों के बीच बातचीत हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें भरोसा दिया कि गन्ने का भुगतान सेम-डे (जिस तिथि में मिल में गन्ना डलेगा, उसी दिन भुगतान) करने का आश्वासन दिया है। साथ ही उन्होंने भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर सपा सरकार में बने गंगा एक्सप्रेसवे की तरह किसानों को मुआवजा देने को आश्वस्त किया है। चौधरी राकेश टिकैत ने बताया कि उन्होंने समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में किसान हित के सभी मुद्दे शामिल करने की मांग की है। भाकियू प्रवक्ता ने दावा किया कि वह कांग्रेस, भाजपा व बसपा से भी मिलेंगे। वह उनसे मांग करेंगे कि वह आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी किसानों से संबंधित योजना अपने घोषणा पत्र में शामिल करें। बुधवार को अखिलेश यादव से मिलने पर कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। हाल ही में राकेश टिकैत दिल्ली में हुए आंदोलन में पहुंचकर युवाओं से भी मुलाकात की थी।
-
अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर साझा किया

बुधवार को लखनऊ में हुई इस मुलाकात को स्वयं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर साझा किया है। इसमें लिखा कि हरियाली सिर्फ समृद्धि का प्रतीक न हो बल्कि समृद्धि की हरियाली हर घर-द्वार-आंगन में लहलहाये, ये तभी संभव होगा जब किसान-किसानी और गांव-ग्रामीण अपनी मेहनत का मान भी पाएंगे और मूल्य भी। उन्होंने पीडीए में ‘ए’ का मतलब ‘अन्नदाता’ भी तो है। किसानों का लगातार बढ़ता समर्थन पीडीए को हर गाँव, हर बूथ पर जिताने के लिए वचनबद्ध है। हम फिर दोहराएंगे, जब खेत मुस्कुराएगा, तब देश मुस्कुराएगा।
-
पूर्व में जयन्त से मिले चुके राकेश टिकैत
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत और गौरव टिकैत ने सोमवार को केंद्रीय राज्यमंत्री जयन्त चौधरी से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की थी। उनके साथ जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिन्दर सिंह भी रहे थे। टिकैत परिवार इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बता रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव से पहले जयन्त चौधरी अचानक सिसौली भी पहुंच गए थे, जहां उन्होंने चौधरी नरेश टिकैत से आशीर्वाद लिया था।






Users Today : 0