दोस्त के साथ विवाद होने की बात आई सामने, जांच में होगा खुलासा
मुजफ्फरनगर 〈लोकसंवाद लाइव〉 :
बेगराजपुर मेडिकल कालेज के छात्रावास में सोमवार देर रात हरियाणा निवासी एमबीबीएस अंतिम वर्ष की छात्रा 23 वर्षीय शगुन सैनी ने आत्महत्या कर ली। जिस समय घटनाक्रम हुआ है, उस दौरान छात्रा कमरे में अकेली थी। उसकी सहपाठी भी कहीं बाहर थी। प्रकरण में दोस्त के साथ विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिवार के लाेगों के आने के बाद स्थिति साफ होगी।
हरियाणा के कैथल निवासी शगुन सैनी पिछले चार साल से मुजफ्फरनगर मेडिकल कालेज में एमबीबीएस की छात्रा थी। हास्टल में छात्रा अपनी सहपाठी जिया के साथ रहती थी। सोमवार शाम को जिया कमरे पर नहीं थी। यहां शगुन अकेली थी। मंसूरपुर थाना प्रभारी विपिन त्यागी ने बताया कि शाम के समय वह बाहर से आकर अपने कमरे पर पहुंची थी। उसकी सहपाठी छात्रा जिया रात में लगभग साढ़े 8 बजे अपने कमरे पर पहुंची तो कमरा अंदर से बंद था। उसने दरवाजा खुलवाने का काफी प्रयास किया। बाद में एक खिड़की से झांक कर देखा तो शगुन सैनी का शव फंदे पर लटका हुआ था।
इससे कालेज में अफरातफरी मच गई। मंसूरपुर थाना प्रभारी ने बताया कि छात्रा हरियाणा के कैथल की मूल निवासी थी और पिछले चार साल से कालेज में एमबीबीएस की शिक्षा प्राप्त कर रही थी। उसकी रूम पार्टनर छात्रा रात में पहुंची तब घटना की जानकारी हुई।
मृतक छात्रा के स्वजन से संपर्क किया जा रहा है। दरवाजा तोड़कर पुलिस टीम कमरे के अंदर घुसीथी। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि छात्रा की रूम पार्टनर छात्रा ने जानकारी दी है कि शगुन का किसी दोस्त के साथ विवाद होता रहता था। आशंका है कि इसी के चलते उसने यह कदम उठाया।