विवाह समारोह के दौरान चलाए पटाखों से लगी बारदाना के गोदाम में आग
आग पर काबू पाने में दमकल विभाग को लगा छह घंटे से अधिक का समय
मुजफ्फरनगर 〈लोकसंवाद लाइव〉:
शादी समारोह में स्काइबम शाट से निकली चिंगारी ने बारदाना के गोदाम में रखा लगा दो करोड़ रुपये का माल स्वाहा कर दिया। व्यापारी की लगभग 25 साल की मेहनत क्षणभर में राख के ढेर में तब्दील हो गई। कूकड़ा चौराहे के पास देवालय बैंक्वेट हाल के बराबर में मनोज खंडेलवाल के बालाजी जूट ट्रेडिंग कंपनी के बारदाने (प्लास्टिक के कट्टे) के गोदाम में आतिशबाजी के स्काइशाट बम से आग लग गई। शनिवार सुबह साढ़े छह बजे लगी आग 11 बजकर 50 मिनट पर साढ़े पांच घंटे में बुझ सकी। दमकल विभाग की चार टीमों ने सात फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाया। आग के कारण उठा धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। प्लास्टिक जलने की दुर्गंध से लोगों को परेशानी हुई।

नई मंडी कोतवाली के रेलवे रोड पर रहने वाले मनोज खंडेलवाल का देवालय बैंक्वेट हाल के बराबर में प्लास्टिक के कट्टों का गोदाम है। सामने ही चंद कदमों की दूरी पर मधुर मिलन के नाम से बैंक्वेट हाल है। शुक्रवार रात में दोनों बैंक्वेट हाल में शादी समारोह था। सुबह देवालय बैंक्वेट हाल से दुल्हन की विदाई से पहले बरातियों ने बाहर सड़क पर आतिशबाजी में स्काइकाट चला दिए। स्काइशाट की पेटी को हाथों से उठाकर आग लगा दी। इससे वह नीचे गिर गई और स्काइशाट गोदाम में गिरकर फटते रहे। इससे गोदाम में रखे प्लास्टिक के कट्टों में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने की सूचना पर तत्काल दमकल विभाग के अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। कटर से गोदाम का ताला काटकर गेट खोला और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। भीषण आग को देखकर जानसठ, बुढ़ाना से तीन टेंडर, बिंदल व जीनस पेपर मिल से भी दो फायर टेंडर मंगाए गए। प्लास्टिक के कट्टों में आग के कारण काला धुआं फैल गया। लोगों को नाक पर कपड़ा बांधना पड़ा। गोदाम मालिक के बेटे नक्षत्र ने बताया कि देवालय बैंक्वेट हाल में शादी समारोह में आए बरातियों ने आतिशबाजी की और आग लगने पर गाड़ियों में बैठकर आरोपित बरातियों सहित सभी लोग भाग गए। नई मंडी कोतवाली में तहरीर दी है। सीएफओ अनुराग कुमार ने बताया कि लगभग साढ़े पांच घंटे में आग बुझाई जा सकी। व्यापारी ने नुकसान के बारे में जानकारी नहीं दी है।

राख में तब्दील हो गई 25 साल की मेहनत, फूट-फूटकर राेया परिवार

मनोज खंडेलवाल का छोटा परिवार है। सबसे मिलनसार व्यवहार करने वाले मनोज खंडेलवाल के गोदाम में आग लगने की सूचना पाकर मंडी के कई व्यापारी मौके पर पहुंच गए थे। आग की लपटों व धुएं के गुबार को देखकर उनकी आंखों से आंसू निकल रहे थे। व्यापारी भी परेशान थे। सभी व्यापारी पीड़ित कारोबारी का ढांढस बंधा रहे थे। इसके बाद भी कारोबारी व उनके बेटों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। बेटा नक्षत्र बताता है कि वह तो छोटे-छोटे थे। उसके पिता व बाबा बाइकों पर जाकर प्लास्टिक के कट्टों को एकत्र करते थे। इसी मेहनत की बदौलत उनके पिता ने एक-एक पैसा जोड़ कर अपने कारोबार को यहां तक पहुंचाया। उनके गोदाम में दो करोड़ का माल एकत्र किया था। बड़ौत से आए बरातियों ने खुशी के लिए आतिशबाजी की तो उनका माल उनकी खुशी में जलकर राख हो गया। इस नुकसान के कारण वह 25 साल पीछे हट गए हैं। आग की लपटों में अपने अरमानों को जलते देखकर कारोबारी और उनके दोनों बेटों का रो-रोकर बुरा हाल था। एक बार तो कारोबारी की तबीयत खराब हो गई।







Users Today : 1