Home » मुजफ्फरनगर » Muzaffarnagar : हलवा खाकर बिगड़ी 150 की तबियत, दावत में अफरातफरी

Muzaffarnagar : हलवा खाकर बिगड़ी 150 की तबियत, दावत में अफरातफरी

  • बुढ़ाना के गांव नगवा में मंढा की दावत में बना था गाजर का हलवा

  • खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर की जांच व भरे नमूने

मुजफ्फरनगर 〈लोकसंवाद लाइव〉 :

मंढा की दावत खाने से 150 दावतियों, घरातियों की तबियत बिगड़ गई। मंढा की दावत में बना गाजर का हलवा लोगों के लिए मुसीबत बन गया। महिलाओं, बच्चों समेत लोगों की तबियत खराब होने के बाद अचानक उल्टियां लगना शुरू हो गई। पेट में दर्द के साथ बच्चों को चक्कर आने लगे। इससे दावत में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में लोगों को प्राइवेट क्लीनिकों और आसपास के चिकित्सकों के यहां भर्ती कराकर उपचार दिलाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर जांच की और नमूने भरकर लैब में भिजवाए।

गांव नगवा निवासी पवन सिंह के पुत्र अनंत कुमार की शादी है। विवाह पहले शुक्रवार शाम को मंढे की दावत का आयोजन किया गया था। इसमें गांव और आसपास के लोगों को दावत दी गई। खाने में में मटर-पनीर, मिक्स वेज, छोले चावल के साथ गाजर का हलवा भी परोसा गया था। ग्रामीणों के अनुसार भोजन करने के कुछ घंटे बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। शुरुआत में कुछ लोगों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई, लेकिन धीरे-धीरे बीमार होने वालों की संख्या बढ़ती चली गई। हलवा खाने वाले अधिकांश लोगों की तबीयत खराब हुई। ग्रामीणों ने बीमार लोगों को बुढ़ाना के अवेंटिस अस्पताल में भर्ती कराया। कई मरीजों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर कर दिया। लगभग 150 लोगों की तबियत खराब हुंई। वहीं, जन्मजेय प्रताप, सुमित, मानवी, अरमान, शगुन, अमरजीत, हरिओम, आयुष, अवनी, पूनम, अवि, सोनू, मोनू और मुकेश को उपचार के बाद तत्काल छुट्टी दे दी गई।

  • हलवे में कच्चा रिफाइंड तेल डालने का आरोप

ग्रामीण चंद्रपाल व अन्य ने हलवाई पर गाजर के हलवे में कच्चा रिफाइंड तेल डालने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हलवा खाने के बाद ही लोगों की तबियत बिगड़ी। हालांकि बीमारी की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर दावत में तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों के नमूने एकत्र किए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भोजन में किस वजह से खराबी आई और इतने लोग बीमार कैसे हुए।

 

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?