नाला निर्माण से जलनिकासी प्रभावित होने से परेशानी
मुजफ्फरनगर। रविवार को अांधी-तूफान के बाद आई बारिश ने रामलीला टिल्ला की हनुमानपुरी कालोनी में आफत खड़ी कर दी। नाला निर्माण से जल निकासी का रास्ता बंद हो गया। जिसके चलते गंदा पानी लोगों के घरों और दुकानों तक पहुंच गया। लोगों ने हंगामा कर सड़क जाम कर दी और नारेबाजी की।

हनुमानपुरी से रामलीला टिल्ला जाने वाले मुख्य मार्ग पर महिलाओं और बच्चों के साथ आकर रास्ता बंद करते हुए जाम लगा दिया। लोगों ने भारी आक्रोश जताया। जल निकासी प्रभावित होने से गली में कई फीट पानी भर गया। मकानों को बन रहे खतरे के कारण बाहर निकलना पड़ा। दुकानों में और घरों में गन्दा बारिश का पानी घुसने से काफी सामान खराब हो गया। राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी मौके पर पहुंचकर भ्रमण किया और लोगों की शिकायत सुनी।
ईओ पालिका पवन कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। बताया कि रामलीला टिल्ला में नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा है, करीब 27 करोड़ रुपये की लागत वाले से कार्य को जल निगम सीएंडडीएस करा रहा है, यहां पर जल निकासी के लिए छोटे पाइप के सहारे वैकल्पिक व्यवस्था की गई है, रविवार की तेज बारिश के कारण जलभराव हो गया था। सोमवार को टीम मौके पर भेजकर स्थिति को काबू कराया गया। नगर पालिका की टीम ने जल निकासी की मुकम्मल व्यवस्था कराई।







Users Today : 0