तीन साल पहले चुनरी से पति की गला घोटकर की थी हत्या
हत्या के बाद से बंद पड़ा साकर का मकान, उजड़ी गई दुनिया
मुजफ्फरनगर: साकर के कातिल देवर-भाभी को विशेष न्यायालय एससी-एससी एक्ट के पीठासीन अधिकारी डा. विजय कुमार तालियान ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। दोनों कातिल उम्रभर सलाखों के पीछे कैद रहेंगे। दोनों पर 1.10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। महिला के अपने देवर के साथ अनैतिक संबंध थे, जिनका विरोध करने पर साकर को मौत के घाट उतारा था। बेहरम कातिलों ने हत्या के बाद लाश को निर्माणाधीन शौचालय के गड्ढे में डाल दिया था।

सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता आशीष कुमार त्यागी ने बताया कि पुरकाजी के गांव मांडला निवासी असलम ने सात जून 2023 को थाने गुमशुदगी दर्ज कराई थी कि उसका चचेरा भाई साकर पुत्र फरीद लापता है। 15 जून 2023 को मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया था। जिसमें साकर की पत्नी आसिया और सौतेले भाई सुहैल को गिरफ्तार कर उनके बताए पर शौचालय के गड्ढे से साकर का शव निकाला गया था। सुहैल के सऊदी अरब से आने के बाद भाभी आसिया के प्रेम के कारण नौकरी छोड़कर अाया था। छह जून 2023 को दोनों को साकर ने आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसी को लेकर दोनों ने सोते समय साकर की चुनरी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। आसिया ने पति के दोनों हाथ पकड़े थे, जबकि छोटे भाई सुहैल ने सांस थमने तक चुनरी का फंदा खींचकर रखा था। दोनों आरोपी 16 जून 2023 से जेल में बंद हैं। मंगलवार को न्यायालय ने देवर-भाभी को उम्रकैद की सजा के साथ 55-55 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
- मुकर गए थे अपने, ,पोस्टमार्टम रिपोर्ट रही अहम
कोर्ट में हत्याकांड को साबित करने के लिए 11 गवाह पेश किए। इनमें से गवाह साकर का पिता फरीद, भाई शोएब, पारिवारिक स्वजन समसूदीन, असलम समयद्दीन, इश्तेखार मुकर गए थे, लेकिन सजा दिलाने में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चुनरी व मिट्टी की एफएसएल रिपोर्ट अहम सबसे अहम रही है।
- बच्चों के सिर से छीन लिया पिता का साया
पुरकाजी के गांव मांडला में जिस मकान में साकर की हत्या की गई थी, वह तीन साल से बंद पड़ा है। साकर के पिता फरीद गांव में रहकर छोटी परचून की दुकान चलाकर गुजर बसर कर रहा है। बताया कि साकर तीन बच्चे जैद ,फैज तथा छोटी बेटी जिकरा को उसके मामा अपने घर पुरकाजी में लेकर चले गए थे। हत्या के बाद पिता का साया बच्चों के सिर से छीन गया, जबकि मां उम्रभर जेल में रहेगी।







Users Today : 0