शहर में सड़कों को भी संवारने के लिए विभाग बना रहा खाका
मुजफ्फरनगर 〈लोकसंवाद लाइव〉 :
मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण ने (एमडीए) ने भी सड़कों के साथ जलनिकासी को सुधारने का खाका बनाया है। खतौली, शामली और शहर में लगभग चार सड़क, नालियों की मरम्मत के बाद जलनिकासी बेहतर की जाएगी। इसके लिए प्राधिकरण लगभग दो करोड़ रुपये खर्च करेगा।

जनपद में अधिकांश शहर पुराने बसे हैं, जिनमें गलिया छोटी हैं। नाले-नालियों का ढलान कमजोर है। सड़क का लेवल एक समान नहीं है। जिस कारण सबसे अधिक मुश्किल जलभराव की उभरती है। इन क्षेत्रों में काम कराने की मुख्य जिम्मेदारी नगर निकायों की रहती है, लेकिन अब विकास प्राधिकरण ने भी जल निकासी व्यवस्था को सुधारने की कवायद आरंभ की है। एमडीए ने शहर के पांच जोन समेत शामली, खतौली में ऐसे स्थानों, मार्गों को चिह्नित कराया है, जिनमें जलभराव की समस्या रहती है। शहर में आबकारी रोड और ट्रांसपोर्टनगर में जलभराव की निरंतर समस्या सामने आई है, जबकि बरसात में स्थिति अधिक बिगड़ती है। इसी तरह से शामली की बनत तहसील क्षेत्र में सहारनपुर-मुजफ्फरनगर के लिंक मार्ग बनत पर जलभराव की परेशानी मिली है। वहीं खतौली में बालाजीपुरम में गोशाला मार्ग पर जलनिकासी प्रभावित मिली है। यहां व्यवस्था सुधारने के लिए एमडीए सड़क, नाले और नालों की स्थिति को सुधारेगा। एमडीए के सचिव कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि सभी मार्गों पर निर्माण कार्याें का अलग-अलग प्रस्ताव बनाया जा रहा है।
इन्होंने कहा…
“जल निकासी की समस्या दूर करने के लिए शहर में आबकारी रोड, ट्रांसपोर्ट्सनगर, खतौली में बालाजीपुरम व शामली भी एक सड़क ऐसी मिली है, जहां जलभराव की समस्या है। इन क्षेत्रों में शीघ्र ही सड़कों की मरम्मत कराकर जल निकासी बेहतर कराया जाएगा।”
- प्रणता ऐश्वर्या, उपाध्यक्ष, एमडीए मुजफ्फरनगर।







Users Today : 0