एक सप्ताह के अंदर 150 और सड़क के कार्यों की निविदा छोड़ी जाएगी
मुजफ्फरनगर 〈लोकसंवाद लाइव〉 :
नगर पालिका ने 80 करोड़ रुपये 350 सड़कों के पुन: निर्माण के साथ मरम्मत कराने की तैयारी की है। लगभग 220 सड़कों के निर्माण का ठेका छोड़ दिया गया है, जबकि 150 सड़कों, नालियों का काम पाइप लाइन में है। इनका भी जल्द टेंडर छोड़कर काम शुरू कराया जाएगा। पहले वार्ड एक से लेकर 34 तक की सड़कों का काम होगा, जबकि दूसरे चरण में वार्ड 35 से 55 तक की सड़कों का कामकाज शामिल है।

नगर पालिका में दीपावाली से पहले बोर्ड बैठक होने की संभावना है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं, लेकिन अधिकारियों ने पिछली बोर्ड बैठक के कार्याें को भी पूर्ण रूप से आरंभ नहीं कराया है। सितंबर तक बरसात का मौसम बना रहा, जिस कारण समस्या अधिक बन गई। इस पर पालिका प्रशासन ने निर्माण कार्यों को तेजी से कराने का खाका बनाया है। एक सप्ताह के अंदर पालिका के निर्माण विभाग ने वार्ड एक से लेकर 34 तक 99 और 120 सड़कों के पुन: निर्माण कार्यों की निविदा छोड़ी है। इन्हें इसी माह खोलने के बाद काम शुरू कराना है। वहीं, एक सप्ताह के अंदर 150 सड़कों के पुन: निर्माण, नाली-खड़ंजों के काम के लिए भी निविदा छोड़ी जाएगी। सहायक अभियंता निर्माण नेपाल सिंह ने बताया कि सड़कों के निर्माण को लेकर कार्य शुरू कराए जाएंगे। फिलहाल लगभग 350 सड़कों का निर्माण होना है, जिन पर 80 करोड़ रुपये का बजट खर्च होगा। सभी सड़कों की निविदा छोड़ी जा चुकी है।
इन्होंने कहा…
“सड़कों के निर्माण के लिए कार्य शुरू कराया जा रहा है। 200 से अधिक सड़को के पुन: निर्माण एवं कार्य की निविदा छोड़ी जा चुकी है, जबकि 150 सड़कों के निर्माण के लिए निविदा एक सप्ताह में पूर्ण हो जाएंगी। दीपावली से पहले सभी निर्माण कार्यों शुरू कराने का लक्ष्य रखा गया है।”
- पवन कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, मुजफ्फरनगर








Users Today : 0