उद्यमियों ने गिनाईं एक-एक समस्या, अधिकारियों ने बताया समाधान
व्यापारियों ने भी बताई अपनी पीड़ा, तत्काल कार्रवाई का आश्वासन
मुजफ्फरनगर 〈लोकसंवाद लाइव〉 :
उद्यमियों ने बैठक में अधिकारियों के सामने समस्याएं गिनाई। कहा कि एक-एक समस्या बताते हुए कई माह बीत गए हैं, लेकिन विभागीय कार्यप्रणाली ने मुद्दे लटका रखे हैं। सबसे अधिक परेशानी बिजली, सड़कों और बैंक ऋण की सामने आई। जिनका अधिकारियों ने तत्काल समाधान बताया और कार्य योजना सबके समक्ष रखी। विकास भवन के सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक की गई। जिसमें उद्यमियों ने कारोबार की रात में अड़चनों का जिक्र किया। बैठक का संचालन उद्योग विभाग के सहायक आयुक्त आशीष कुमार ने किया।

- 1. लिंक रोड, ओवरहेड लाइन का कार्य
एनएचएआइ मेरठ के अधिकारी ने बताया कि निराना विद्युत स्टेशन की लिंक रोड, ओवरहेड लाइन तथा सड़क चौड़ीकरण के कार्य के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है। कार्य के लिए पुनः टेंडर की प्रक्रिया की जा रही है, जो लगभग 10 दिन बाद खुलेगा। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद काम किया जाएगा।
- 2. मखियाली-धंधेड़ा रोड का निर्माण
मखियाली-धंधेड़ा रोड के निर्माण को लेकर पीडब्ल्युडी के अधिशासी अभियंता ने बताया कि उक्त कार्य का टेंडर हो चुका है तथा निर्माण कार्य पूर्ण करने की निर्धारित समय-सीमा 12 फरवरी 2027 है। वर्तमान में निर्माण कार्य प्रगति पर है।
- 3. ट्रांसफार्मर नहीं हटने से परेशानी
वैष्णव गल्फ कंटेनर्स, भोपा रोड के इकाई स्वामी द्वारा प्रतिष्ठान के मुख्य गेट के सामने स्थापित ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग की गई। इस संबंध में अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड द्वारा अवगत कराया गया कि ट्रांसफार्मर की शिफ्टिंग के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध होना आवश्यक है। इस पर अधिशासी अभियंता ने कहा कि जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा।
- 4. 13 करोड़ से होगा नाला निर्माण
ब्लू स्टार सेनेटरी, मुजफ्फरनगर द्वारा एमडीए के बराबर वाली सड़क के किनारे नाला एवं सड़क निर्माण की समस्या उठाई गई। इस पर पीडब्ल्युडी के अधिशासी अभियंता ने बताया कि इस कार्य के लिए13.करोड़ का अनुमानित प्रस्ताव बनाया गया है। इस कार्य को वर्ष 2027-28 की कार्ययोजना में सम्मिलित किए जाने की प्रक्रिया है।
- 5. औद्योगिक क्षेत्र में समस्या बनी
औद्योगिक क्षेत्र बेगराजपुर में लंबे समय से लंबित रख-रखाव एवं अनुरक्षण की समस्याओं को लेकर यूपीसीडा, मेरठ के अधिकारी ने बताया कि कई कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए जा चुके हैं। बजट भी प्राप्त हो चुका है। जल्द ही कार्यों को प्रारंभ कराने की कार्रवाई की जाएगी।
- 6. वहलना चौक पर रुकेंगी दुर्घटना
वहलना चौक पर वाहनों की निरंतर आवाजाही एवं तेज गति से चलने वाले वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका के दृष्टिगत चौराहे के चारों ओर रंबल स्ट्रिप लगाए जाएंगे। ताकि वाहनों की गति नियंत्रित हो सके तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
- 7.बैंक ऋण मिलने पर जताया आभार
मैसर्स फैस्पी एंटरप्राइजेज के स्वामी ने कहा कि एचडीएफसी बैंक से ऋण प्राप्त करने में आ रही समस्या को बैठक में प्रस्तुत किया गया था। इस संबंध में इकाई स्वामी ने बताया कि उनका ऋण वितरण हो चुका है। इकाई स्वामी ने समस्या के समाधान में सहयोग प्रदान करने के लिए जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र का आभार जताया।
दुश्मन बनी बिजली आपूर्ति, करिए साहब समाधान








Users Today : 0