Home » मुजफ्फरनगर » मुकर गए गवाह… दंगे में लूटपाट व आगजनी के पांच आरोपी बरी

मुकर गए गवाह… दंगे में लूटपाट व आगजनी के पांच आरोपी बरी

13 साल पहले भड़का था सांप्रदायिक दंगा, 65 लोेगों की गई थी जान

122 से अधिक मामलों में आ चुका फैसला, 170 से अधिक लंबित

मुजफ्फरनगर 〈लोकसंवाद लाइव〉:

जिले में भड़के सांप्रदायिक दंगे के एक मामले में न्यायालय ने निर्णय सुनाया है।भौराकलां के गांव मुंडभर में मकन और मस्जिद में आगजनी, लूटपाट के मामले में पांच अारोपी को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया। इस मुकदमे में गवाह पक्षद्रोही हो गए थे। अभियोजन पक्ष आरोपों को सिद्ध नहीं कर सका। जिस कारण न्यायालय ने सुनवाई के बाद गुरुवार को निर्णय सुनाया है।
भौराकलां के गांव मुंडभर में वादी शाहबुद्दीन ने दर्ज कराए मुकदमे में आरोप लगाया था कि आठ सितंबर 2013 की शाम करीब छह बजे लगभग 50 लोग उसके घर में घुस आए थे। आरोप था कि हमलावरों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूट ली तथा मकान में आग लगा दी। इसके अलावा पास स्थित मस्जिद में तोड़फोड़ और आगजनी कर चंदे क एकत्र लगभग एक लाख रुपये भी लूटकर फरार हो गए। इस मामले में 18 सितंबर 2013 को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने विवेचना के बाद अनुज, विक्कू उर्फ अरविंद, नीटू, अंकित और रामकुमार के खिलाफ बलवा, लूटपाट, आगजनी, तोड़फोड़ और धार्मिक भावनाओं को आहत करने समेत विभिन्न धाराओं में आरोप-पत्र दाखिल किया था। न्यायालय में मामले की लगभग 13 साल तक सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने वादी शाहबुद्दीन, साजिद अली और आबिद अली को गवाह के रूप में पेश किया, लेकिन तीनों गवाहों अभियोजन की कहानी का समर्थन नहीं किया और पक्षद्रोही हो गए। गुरुवार को साक्ष्य के अभाव में पांचों आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।

  • ये था सांप्रदायिक दंगा
27 अगस्त को जानसठ के गांव कवाल में शाहनवाज हत्याकांड के बाद ममेरे भाइयों सचिन और गौरव की हत्या के बाद जनपद में दंगे की चिंगारी सुलग उठी थी। सात सितंबर को महापंचायत से लौट रहे लोगों पर हमले किए गए। इसके बाद जनपद दंगे की आग में जल उठा। दंगे के दौरान 65 लोगों को जान गंवानी पड़ी थी, जबकि 50 हजार से अधिक लोग अपने गांव, बस्ती से पयालन कर शरणार्थी शिविर में रहने को विवश हो गए थे।
  • अभी चल रही 170 मुकदमों में सुनवाई
सात सितंबर 2013 में हुए सांप्रदायिक दंगे के बाद जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 510 मुकदमे दर्ज हुए थे। जिनमें 175 मामलों में एसआइटी ने विवेचना कर आरोपियों के विरुद्ध कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की, जबकि 165 मामलों में साक्ष्य के अभाव में एफआर लगा दी गई। झूठे पाए जाने पर 170 मुकदमे एक्सपंज (निरस्त) किए गए। 13 वर्ष के दौरान करीब 120 से अधिक मुूकदमों में आए फैसले में 1500 से अधिक दंगा आरोपी बरी हो गए। वर्तमान में 170 से अधिक मुकदमों की विभिन्न न्यायालयों में सुनवाई विचाराधीन है।
  • सात दोषियों को हुई थी उम्रकैद
मलिकपुरा निवासी ममेरे भाई सचिन और गौरव की हत्या के मुकदमे में गांव कवाल निवासी सात दोषियों मुजस्सिम, मुजम्मिल, फुरकान, नदीम, जहांगीर, इकबाल व अफजाल को आठ फरवरी 2019 को कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी। एक मुकदमे में कोर्ट ने 8 मई 2023 को सामूहिक दुष्कर्म के दो दोषियों महेशवीर और सिकंदर को 20 वर्ष कैद की सजा सुनाई थी।
  • विधायक विक्रम सैनी की सदस्यता समाप्त :
सचिन और गौरव की अंत्येष्टि के बाद लौट रहे कुछ लोगों ने 28 अगस्त 2013 को कवाल गांव में मुस्लिम समाज के घरों पर हमला बोल दिया था। पुलिस ने खतौली से भाजपा विधायक रहे विक्रम सैनी सहित दोनों पक्ष के 28 लोगों को संगीन धाराओं में निरुद्ध किया था। दो अक्टूबर 2022 को इस मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट ने विक्रम सैनी सहित 12 लोगों को दो साल कैद की सजा सुनाई थी। इस कारण नवंबर-2022 में विक्रम सैनी की विधानसभा की सदस्यता समाप्त हो गई थी।
—–

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?