Home » राजनीति » 73 साल के राजपाल सैनी ने 35 साल के सियासी सफर में 7वीं बार बदला पाला

73 साल के राजपाल सैनी ने 35 साल के सियासी सफर में 7वीं बार बदला पाला

भाजपा छोड़कर राजपाल सिंह सैनी अपने पुत्र शिवान समेत सपा में शामिल

जनपद में बदल रहे सियासी समीकरण, मीरापुर क्षेत्र से चुनाव लड़ने के कयास

मुजफ्फरनगर: विधानसभा चुनाव की बिसात बिछना शुरू हो गया है। सियासत के दांव-पेंच आजमाने के लिए सियासी गलियारों में उठापठक का दौर शुरू हाे चुका है। पश्चिमी यूपी के महत्वपूर्ण मुजफ्फरनगर और शामली जनपद के कद्​दावार नेताओं ने अपने पुराने दल छोड़कर नया रास्ता चुना है। लगभग 73 साल के पूर्व राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व विधायक राजपाल सैनी ने अपने 35 साल के सियासी सफर में  7वीं बार पाला बदला है। वह भाजपा को छोड़कर समाजवादी पार्टी की साइकिल पर सवार हो गए हैं। उनके साथ पुत्र शिवान व समर्थक भी सपाई हो गए।

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे के गांव लुहसाना निवासी राजपाल सिंह सैनी ने वर्ष 1999 में बसपा के हाथी पर सवार होकर अपने सियासी सफर का आगाज किया था। वह बसपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे, लेकिन 1,63,721 मत मिलने पर तीसरे पायदान पर रहे थे। बसपा से ही वर्ष 2002 में मोरना विधानसभा सीट से 40,579 वोट हासिल कर समाजवादी पार्टी के संजय चौहान को हराकर पहली बार विधानसभा की दहलीज तक पहुंचे थे। तब बसपा सरकार में वह मंत्री बने थे। इसके बाद लगातार हाशिये पर रहे। वहीं वर्ष 2007 के चुनाव में रालोद के टिकट पर चुनाव लड़े थे, लेकिन कादिर राना के सामने उन्हें हार झेलनी पड़ी। इसके बाद वर्ष 2010 में बसपा के कोटे से राज्यसभा सदस्य बनकर अपनी सियासत को धार दी, लेकिन राज्यसभा सदस्य होने के कारण वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव नहीं लड़े थे। सियासत में वह जनपद में कद्​दावार नेता माने जाते हैं। उनके साथ सैनी समाज के अलावा उनके समर्थकों की काफी संख्या है। अपने 35 साल के सियासी सफर में वह बसपा, रालोद के साथ भाजपा, सपा का दामन थामते रहे हैं। अब एक बार फिर लखनऊ में अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा की पगड़ी पहनी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह मीरापुर विधानसभा सीट से स्वयं या अपने पुत्र शिवान सैनी को चुनाव लड़वा सकते हैं।

पहले पुत्र हारा, बाद में खुद भी हारे थे

पूर्व राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व मंत्री राजपाल सिंह सैनी ने अपने पुत्र शिवान सैनी को राजनीतिक मैदान में उतारकर वर्ष 2017 में बसपा के टिकट पर खतौली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाया, जिसमें शिवान तीसरे स्थान पर रहे। वहीं वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव के दौरान बसपा को छोड़कर उन्होंने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। उन्हें रालोद-सपा गठबंधन से खतौली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाया गया, लेकिन भाजपा के विधायक विक्रम सिंह सैनी के सामने हार गए। वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले वह समावादी पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। यहां उनकी राजनीतिक हिस्सेदारी शून्यकाल में पहुंच गई।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?