Home » क्राइम » Muzaffarnagar: बसपा के पूर्व विधायक शाहनवाज राना व दोनों बेटों पर मुकदमा दर्ज

Muzaffarnagar: बसपा के पूर्व विधायक शाहनवाज राना व दोनों बेटों पर मुकदमा दर्ज

फर्जी दस्तावेज पर कारोबारी ने मंगवाया था 75 लाख रुपये का माल

मुजफ्फरनगर 〈लोकसंवाद लाइव〉 :

बसपा के पूर्व विधायक एवं आसपा नेता शाहनवाज राना और उनके दोनों बेटों की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। तीनों के विरुद्ध कारोबारी से 75 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। कारोबारी का आरोप है कि आराेपियों ने फर्जी दस्तावेज दिखाकर उनकी फर्म से अपनी फैक्ट्री में लोहे का स्क्रैप और स्पंज आयरन मंगवाया था, लेकिन पिछले दो साल से भुगतान के नाम पर गुमराह करने के साथ धमकी दे रहे थे।

नई मंडी क्षेत्र की भरतिया कालोनी निवासी ओम एंटरप्राइजेज फर्म के स्वामी जितेंद्र चौधरी का आरोप है कि सितंबर 2024 में एक विवाह समारोह के दौरान उनकी मुलाकात पूर्व विधायक शाहनवाज राना से हुई थी। बातचीत के दौरान शाहनवाज ने उन्हें कारोबार में साथ काम करने का प्रस्ताव दिया और उत्तराखंड के मंगलौर स्थित यूपी बोन मेटल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में आकर मिलने के लिए बुलाया। वह अपने पुत्र भीम चौधरी के साथ फैक्ट्री पहुंचे। यहां पर शाहनवाज के साथ उनके दोनों पुत्र अब्दुल अहद राना और शाहआजम राना से मुलाकात हुई। शाहनवाज ने स्वयं को फैक्ट्री का मालिक बताने के साथ इससे संबंधित दस्तावेज दिखाए। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उनकी फर्म ओम एंटरप्राइजेज, जानसठ रोड से स्क्रैप और स्पंज मंगवा लिए। सितंबर में करीब 40 लाख रुपये तथा नवंबर 2024 में पुन: लगभग 35 लाख रुपये का माल भेजा गया। लगभग 75 लाख रुपये का स्क्रैप व स्पंज भेजे गए थे। शाहनवाज ने 20 दिन के अंदर भुगतान का वादा किया था, लेकिन अभी तक नहीं किया। वह अपने पुत्र के साथ 25 अगस्त 2025 को बकाया रकम लेने के लिए मेरठ रोड स्थित शाहनवाज के आवास पर पहुंचे, लेकिन उन्हें गुमराह किया गया। यहां पता चला कि शाहनवाज फैक्ट्री के मालिक नहीं हैं। आरोपियों ने उन दोनों को हत्या की धमकी दी। बुधवार शाम को कारोबारी ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। इसके आधार पर धोखाधड़ी व धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

  • बसपा से विधायक रहे हैं शाहनवाज राना

शाहनवाज राना वर्ष 2007 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से बिजनौर सदर से विधायक बने थे। इसके बाद वह लगातार दल बदलते रहे। वर्ष 2017 में खतौली से रालोद के टिकट पर चुनाव लड़ा। वर्ष 2025 में रालोद को छोड़कर उन्होंने आसपा का दामन थाम लिया था। इससे पहले शाहनवाज दिसंबर 2024 में सीजीएसटी एवं डीजीजीआइ टीम पर हमला व तोड़फोड़ के मामले में जेल गए थे। उनके विरुद्ध गैंग्सटर समेत धोखाधड़ी के मुदकमे दर्ज हुए थे। हाल में अगस्त 2026 में ईडी की लखनऊ जोन की टीम ने मेरठ रोड स्थित उनके आवास न्यू राना हाउस पर मनी लांड्रिंग और फर्जी बिल बनाकर 9.63 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी के मामले में छापेमारी की थी।

  • ईडी की टीम ने तीन माह पूर्व आवास समेत ठिकानों पर की थी छापेमारी

लखनऊ जोन से आई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने अगस्त 2026 में मेरठ रोड स्थित पूर्व विधायक शाहनवाज राना, उनके चाचा बसपा से पूर्व सांसद एवं सपा नेता कादिर राना, बसपा से पूर्व विधायक नूर सलीम राना के आवास पर छापेमारी की थी। ईडी ने जंबूद्वीप एक्सपोर्ट एंड इंपोर्ट लिमिटेड के मामले में तलाशी अभियान के दौरान फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने और उसे आगे पास करने के आरोप में न्यू राना हाउस पर छापेमारी की थी। जंबूद्वीप एक्सपेार्ट एंड इंपोर्ट लिमिटेड और उनकी शेल कपंनियों से जुड़ी संस्थाओं ने फर्जी इनवायस व ई-वे बिल तैयार कर बिना माल बिक्री के करोड़ों रुपये का आइटीसी हड़पा था। जांच में सामने आया था कि इस नेटवर्क ने 9.63 करोड़ रुपये का आइटीसी गलत तरीके से हासिल किया और 10.28 करोड़ का आइटीसी आगे ट्रांसफर कर दिया। ईडी ने इसे मनी लांड्रिंग माना था। जम्बूद्वीप एक्स्पोर्ट्स फर्म का स्वामित्व पूर्व विधायक के पुत्र शाहजमा राना के पास है। अब पुन: पूर्व विधायक और उनके पुत्रों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

 

  • सीजीएसटी-डीजीजीआइ पर हमले के बाद गए थे जेल

पांच दिसंबर 2024 को बसपा से पूर्व सांसद एवं सपा नेता कादिर राना की राना स्टील फैक्ट्री में मेरठ की केंद्रीय वस्तु एवं सेवाकर (सीजीएसटी) और माल एवं सेवाकर खुफिया महानिदेशालय (डीजीजीआइ) यूनिट देहरादून ने छापेमारी की थी। छापेमारी के विरोध में फैक्ट्री में अधिकारियों की पांच गाड़ियों में तोड़फोड़ के साथ पथराव किया गया था। महिला अधिकारी से बदसलूकी की गई थी। मामले में मेरठ यूनिट के जोनल इंटेलिजेंस आफिसर कौशल कुमार की ओर से कादिर राना की दो बेटियों, बेटे और भतीजे पूर्व विधायक शाहनवाज राना समेत कई के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था। यहीं से शाहनवाज की मुश्किलें बढ़ीं और उन्हें लगभग नौ माह तक जेल में रहना पड़ा था। बाद में उनके विरुद्ध गैंग्सटर एक्ट, कूटरचित दस्तावेजों से जीएसटी चोरी करने का भी मुकदमा दर्ज हुआ। जीएसटी चोरी के मुकदमे में निचली अदालत से उनकी जमानत अर्जी खारिज होने के बाद हाई कोर्ट प्रयागराज में जमानत के लिए अपील की गई थी। अगस्त 2025 में पूर्व विधायक शाहनवाज राना को हाई कोर्ट से जमानत मिली थी।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?