Home » उत्तर प्रदेश » Muzaffarnagar: रेती पर बसी आस्थावानों की नगरी, गूंजा…जय गंगा मैया

Muzaffarnagar: रेती पर बसी आस्थावानों की नगरी, गूंजा…जय गंगा मैया

»गंगा की रेती पर स्नान तक बनेगी रहेगी तंबुओं की नगरी

»तट पर बच्चों का कराया मुंडन संस्कार, सत्संग एवं प्रवचन

मुजफ्फरनगर 〈लोकसंवाद लाइव〉 :

पतित पावनी मां गंगा की गोद में आस्थावानों की नगरी बस गई है। पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की रौनक छा गई है। आस्था के साथ गंगा की रेती पर दूर-दूर तक तंबुओं का शहर बस गया है। कहीं भैंसा-बुग्गियों की कतारें हैं तो कहीं ट्रैक्टर-ट्रालियों के बीच श्रद्धालुओं के अस्थायी डेरे पड़ गए हैं। जिनमें सत्संग के साथ प्रवचन के अलावा जय गंगा मैया के जयकारे गूंज रहे हैं। शामली और मुजफ्फरनगर सहित आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालु परिवार सहित मेले में पहुंचकर भक्ति और उल्लास के वातावरण में रम गए हैं।

गंगा की रेती में अपने डेरे बसाने के बाद श्रद्धालु गंगा स्नान कर मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। श्री शुकदेव आश्रम, हनुमद्धाम, गणेश धाम, शिव धाम, दुर्गा धाम और मां पीतांबरा धाम में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है। श्रद्धालु भगवान को प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। प्राचीन अक्षय वट वृक्ष की परिक्रमा कर धागा बांधने और मनौती मांगने वालों का भी तांता लगा हुआ है। गंगा घाट पर शाम को होने वाली आरती के समय हर-हर गंगे के जयघोष से पूरी तीर्थनगरी गूंज उठती है। दीपों की रोशनी और श्रद्धालुओं की सामूहिक आरती से घाट का दृश्य भक्तिमय हो जाता है। श्रद्धालु कारगिल शहीद स्मारक और शिक्षा ऋषि की समाधि पर भी पहुंचकर पुष्प अर्पित किए हैं। घरेलू सामान, खिलौने और खानपान की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। गंगा की रेती में बने अपने डेरों पर श्रद्धालु परिवार के साथ तरह-तरह के पकवान बनाकर मेले का आनंद ले रहे हैं।

सत्संग और प्रवचन की गूंजा

मेले के दौरान विभिन्न आश्रमों में धार्मिक कार्यक्रमों की धूम है। प्राचीन दंडी आश्रम, महाशक्ति सिद्धपीठ, रविदास आश्रम, सत साहेब आश्रम, खिचड़ी वाले बाबा का आश्रम, श्री महेश्वर आश्रम और मानव निर्माण योग आश्रम सहित अनेक स्थानों पर सत्संग एवं प्रवचन आयोजित किए जा रहे हैं। संत-महात्मा श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश दे रहे हैं।

गंगा तट पर बच्चों का कराया मुंडन

कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में बच्चों का मुंडन संस्कार कराने की प्राचीन परंपरा भी निभाई जा रही है। कई परिवार बच्चे के जन्म के समय ही गंगा मेले में मुंडन कराने का संकल्प लेते हैं। बुधवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सगे-संबंधियों की मौजूदगी में गंगा तट पर बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर दान-पुण्य किया।

 

भारतीय संस्कृति के रंग में रंगे विदेशी मेहमान

भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और संत परंपरा का आकर्षण सात समंदर पार तक पहुंच रहा है। तीर्थ नगरी शुकतीर्थ स्थित श्री शुकदेव आश्रम में रूस के साइबेरिया से पहुंचे विदेशी मेहमान भारतीय संस्कृति से अभिभूत नजर आए। मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने संतों का वेश धारण कर भारतीय परंपरा के प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रकट किया।

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?