Home » E-Paper » Muzaffarnagar:महकेगी किताबों की दुनिया, आडिटोरियम की भी सौगात

Muzaffarnagar:महकेगी किताबों की दुनिया, आडिटोरियम की भी सौगात

  • पीस लाइब्रेरी को बहुमंजिला भवन में बदलेगी नगर पालिका

  • 500 सीट का आडिटोरियम, पहली मंजिल पर अध्ययन केंद्र

मुजफ्फरनगर:

नगर पालिका ने पीस लाइब्रेरी को बहुमंजिला इमारत में बदलने की तैयारी की है। लाइब्रेरी के साथ शहरवासियों को 500 सीट का आडिटोरियम की सौगात भी मिलेगी। नए विकास का खाका तैयार करने के लिए डिटेल प्राेजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने की जिम्मेदारी सीएनडीएस को सौंपी है। पिछले छह साल से भूमि खाली पड़ी है।

अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि लाइब्रेरी बहुउद्देशीय काम्प्लेक्स, सार्वजनिक पुस्तकालय, अध्ययन केंद्र के साथ अब 500 सीट का आडिटोरियम भी विकसित हाेगा। इसके लिए डीपीआर बनाने के लिए सीएनडीएस को जिम्मेदारी दी गई है। स्मार्ट सिटी की कवायद को मजबूती देने के लिए यह प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। पहली मंजिल पर लाइब्रेरी होगी, जबकि बेसमेंट बनाकर वाहन पार्किंग व्यवस्था होगी। राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने जून में पीस लाइब्रेरी के पूर्व सचिव अधिवक्ता सुशील कुमार व उनके अधिवक्ता के साथ बैठक कर वार्ता कर मुद्दे को सुलझाया था। उसके बाद पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने पहल की। शहर के लिए यह बड़ा प्रोजेक्ट होगा। जहां एक साथ पार्किंग से लेकर कार्यक्रम आयोजनों, किताबों की दुनिया देखने को मिलेगी।

  • लीज पर थी लाइब्रेरी की भूमि, ताेड़ी गई थी

पालिका ने पीस लाइब्रेरी एसोसिएशन को लाइब्रेरी के लिए 5,104 वर्ग फुट भूमि लीज पर दी थी। इसका अनुबंध म्यूनिसिपल बोर्ड मुजफ्फरनगर व पीस लाइब्रेरी एसोसिएशन के बीच 13 फरवरी 1941 को हुआ था। अनुबंध के अनुसार पीस लाइब्रेरी एसोसिएशन को 5,104 वर्ग फुट भूमि एक रुपये वार्षिक की दर से लीज की गई थी, लेकिन यह वार्षिक शुल्क पालिका कोष में जमा नहीं कराया गया था। तत्कालीन पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल के कार्यकाल में बोर्ड बैठक में पीस लाइब्रेरी को ध्वस्त करने का प्रस्ताव पारित करने के बाद आठ अक्टूबर 2020 जर्जर भवन को ध्वस्त कराया था।

  • सेठ बिहारीलाल ने कराया था निर्माण

नगर के टाउनहाल रोड पर पीस लाइब्रेरी के निर्माण की नींव 23 मार्च 1920 को रखी गई थी। इसका शिलान्यास अंग्रेज अफसर पीडब्ल्यू मार्श ने किया था। लाइब्रेरी में उस समय लगभग 300 से अधिक पुस्तक रखीं गई थीं। लाइब्रेरी का निर्माण सेठ बिहारीलाल तुलाराम ने कराया है, इसका उल्लेख अंकित था।

“पीस लाइब्रेरी का निर्माण कराने की तैयारी की गई है। इसके लिए सीएनडीएस को जिम्मेदारी दी गई है। यह विभाग पहले डीपीआर बनाएगा। उसके बाद निर्माण का पूर्ण खाका बनेगा। निर्माण पर लगभग 20 से 25 करोड़ रुपये खर्च होने का प्रारंभिक अनुमान है “

  • पवन कुमार, ईओ, नगर पालिका मुजफ्फरनगर।

“स्मार्ट सिटी की तर्ज पर शहर में विकास कराए जा रहे हैं। इसी में पीस लाइब्रेरी को मल्टी स्टोरी भवन में बदलने की तैयारी है। शहर के बीच में मिनी आडिटोरियम बनने से आयोजनों और कार्यक्रम करने में आसानी होगी, जबकि पालिका को राजस्व भी मिलेगा।“

  • मीनाक्षी स्वरूप, पालिकाध्यक्ष, नगर पालिका मुजफ्फरनगर।

 

 

Leave a Comment

Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?